आन-बान-शान के साथ लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा कटनी जिलेभर में उत्साह और उमंग के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य समारोह, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आन-बान-शान के साथ लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा कटनी जिलेभर में उत्साह और उमंग के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य समारोह, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
कलयुग की कलम कटनी – राष्ट्र का 77वां गणतंत्र दिवस कटनी जिले में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह झिंझरी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कलेक्टर श्री तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने खुली सफेद जिप्सी में परेड का निरीक्षण किया।
ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर श्री तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। समारोह में सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किए गए तथा राष्ट्रधुन की गूंज से पूरा परिसर देशप्रेम से सराबोर हो गया। उत्साह और उमंग के प्रतीक तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे मुक्त आकाश में छोड़े गए।
शानदार मार्चपास्ट, अनुशासन और समन्वय का अद्भुत प्रदर्शन
मुख्य समारोह में विभिन्न प्लाटूनों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। मार्चपास्ट में विशेष सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), जिला होमगार्ड बल, एनसीसी तथा स्कूलों के प्लाटून शामिल रहे। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर श्रीमती संध्या राजपूत ने किया, जबकि सेकंड इन कमांडर संजीव रावत रहे। मार्चपास्ट के उपरांत मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
विकास की झलक दिखाती 12 विभागों की झांकियां
गणतंत्र दिवस समारोह में राज्य शासन के 12 विभागों द्वारा विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें कृषि कल्याण एवं कृषि विकास, जिला पंचायत, उद्योग विभाग, नगर निगम, वन विभाग, पुलिस विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण तथा पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग शामिल रहे।
झांकी प्रतियोगिता में जिला पंचायत कटनी को प्रथम, नगर निगम कटनी को द्वितीय तथा कृषि विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मुख्य समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के 9 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। एसीसी कैल्ड्रीज स्कूल, कन्या शिक्षा परिसर, डीपीएस स्कूल, वार्ड्सले इंग्लिश मीडियम स्कूल, नेचर्स स्कूल, एनकेजे स्कूल, समक्ष छात्रावास (सीडब्ल्यूएसएन हॉस्टल) प्रेमनगर एवं सांदीपनी विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल कटनी ने प्रथम, कन्या शिक्षा परिसर ने द्वितीय और एसीसी कैल्ड्रीज स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं परेड प्रतियोगिता में जिला पुलिस बल महिला प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष द्वितीय तथा विशेष सशस्त्र पुलिस बल कटनी तृतीय स्थान पर रहा।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय कर्मियों एवं समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कुल 67 शासकीय कर्मियों और 5 समाजसेवियों को सम्मान मिला। इनमें जिला पंचायत के 5, स्वास्थ्य विभाग के 13, लोक सेवा प्रबंधन विभाग के 3, महिला एवं बाल विकास विभाग के 17, कलेक्टर कार्यालय के 9, पुलिस विभाग के 17, वन विभाग के 3 तथा 5 समाजसेवी शामिल रहे।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
मुख्य समारोह में मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, पीतांबर टोपनानी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा मुख्यमंत्री जी के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया, जिसने लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।



