रीठी जनपद में इतिहास रचा: आदिवासी महिला श्यामाबाई बनीं निर्विरोध अध्यक्ष, महिला सशक्तिकरण की मिसाल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रीठी जनपद में इतिहास रचा: आदिवासी महिला श्यामाबाई बनीं निर्विरोध अध्यक्ष, महिला सशक्तिकरण की मिसाल
कलयुग की कलम रीड़ी -जनपद पंचायत रीठी के अध्यक्ष पद के निर्वाचन में इस बार एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। अनारक्षित अध्यक्ष पद पर अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला श्रीमती श्यामाबाई (पति महेन्द्र सिंह) निर्विरोध निर्वाचित होकर न केवल इतिहास रच दिया, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को जनपद पंचायत रीठी के सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। पीठासीन अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी ने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन की कार्यवाही संपन्न कराई।
निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए गए, जिसमें केवल एक ही नामांकन—श्रीमती श्यामाबाई का—प्रस्तुत हुआ। जांच के दौरान नामांकन पत्र पूर्णतः वैध पाए जाने पर उसे स्वीकृति प्रदान की गई।
चूंकि अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन ही प्राप्त हुआ, इसलिए नियमानुसार श्रीमती श्यामाबाई को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
निर्वाचन के दौरान आयोग के प्रेक्षक श्री प्रकाश व्यास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश नरेन्द्र सिंह सहित जनपद पंचायत के सदस्य उपस्थित रहे। पीठासीन अधिकारी द्वारा श्यामाबाई को प्रमाण-पत्र सौंपते हुए आधिकारिक रूप से अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।
रीठी क्षेत्र में श्यामाबाई के निर्विरोध निर्वाचन को लेकर उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनका नेतृत्व क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा और महिलाओं की भागीदारी को और मजबूती मिलेगी।



