जबलपुर जिले में नए में मिलाया जा रहा था घुना और मिट्टी वाला गेहूं, भाजपा विधायक ने पकड़ा – देखें वीडियो
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट
जबलपुर- चरगवां के पास के खरीदी केंद्र राघव वेयरहाउस में पुराना और नया गेहूं मिलाकर भंडारण का घालमेल सामने आया है। गेहूं के स्टॉक में सामने बढ़िया, तो बीच में घुन और मिट्टी मिला गेहूं था। किसानों की शिकायत पर बरगी विधायक नीरज सिंह लोधी ने मंगलवार को शहपुरा तहसीलदार के साथ वेयरहाउस का निरीक्षण किया, तो घपला सामने आया। कलेक्टर ने तीन कर्मचारियों को निलम्बित किया है। एक कर्मचारी के निलम्बन के लिए विभाग के एमडी को पत्र लिखा है।
गड़बड़ी की शिकायत पर चरगवां के पास राघव वेयरहाउस किया गया सील, दो कर्मचारी निलंबित, एक के निलंबन के लिए एमडी को पत्र
कई लोगों की मिली संलिप्तता
खरीदी घपले में समिति प्रबंधक राकेश नंदेसरिया, खरीदी केंद्र प्रभारी भूपेंद्र सिंह पटेल, वेयर हाउस संचालक अभिषेक दीक्षित, ऑपरेटर सृंजल जैन, सर्वेयर प्रवीण रजक और शुभम शर्मा की संलिप्तता प्रथम दृष्ट्या पाई गई है। इस मामले में कलेक्टर दीपक सक्सेना ने नोडल अधिकारी और सहकारिता निरीक्षक रघुनाथ कुदौलिया, कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी भावना तिवारी एवं कुंजम सिंह राजपूत को निलम्बित कर दिया है।
पहले जांच, नहीं दिखा घपला
इस वेयर हाउस की जांच खाद्य आपूर्ति अधिकारी के अलावा जिला विपणन संघ के जिला प्रबंधक की तरफ से की गई थी। लेकिन, उस समय कोई गड़बडी नजर नहीं आई। कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी भी इसे नजर अंदाज करती रहीं। इससे वेयरहाउस और खरीदी समिति को काला-पीला करने का मौका मिला।
समर्थन मूल्य पर गेहूं
सूखा भरतपुर सहकारी समिति की ओर से इस वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा गया। जांच के दौरान केंद्र में ऑनलाइन चढ़ी और भौतिक रूप से रखे गेहूं की मात्रा में 5800 क्विंटल का अंतर आया है। चरगवां रोड से 6 किमी भीतर के इस वेयरहाउस में गड़बड़ी की शिकायत किसानों ने की थी। 15 दिन से यहां किसानों से खरीदे गए नए गेहूं में पुराना और घुना गेहूं मिलाकर भंडारित करने का खेल चल रहा था। मंगलवार को जांच के बाद वेयरहाउस सील कर दिया गया।
साढे़ चार करोड़ रुपए का भुगतान
जांच के दौरान पता चला कि यहां 212 किसानों से 25800 क्विंटल गेहूं की ख़रीदी दर्ज की गई। जबकि, 20 हजार क्विंटल की स्वीकृति खरीदी करने वाली एजेंसी मार्कफेड की तरफ से दी गई है। इसी आधार पर कुल भुगतान राशि 6.19 करोड़ में से 4.56 करोड़ का भुगतान हो चुका है। कुल 13 स्टॉक में से 2 में अंदर की लेयर में पुराना, घुना और नॉन एफएक्यू गेहूं पाया गया। यह पुराना गेहूं आसपास के वेयरहाउस या व्यापारियों से खरीदे जाने की बात कही जा रही है। यहां मिले पुराने गेहूं का ‘पाउडर’ बन चुका था। वहां से बदबू आ आ रही थी। इससे पहले धान के भंडारण में भी गड़बड़ी उजागर हुई थी।



