केंद्र सरकार की नीतियों और श्रम कानूनों में बदलाव के विरोध में विभिन्न विभागों के कर्मचारी आंदोलन के रास्ते पर हैं। दस केंद्रीय श्रमिक संगठनों और स्वतंत्र ट्रेड यूनियनों के आव्हान पर 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आयोजन किया गया है। इसमें बैंक, बीमा, डाक, सार्वजनिक उपक्रमों, रक्षा, खदान, निर्माण और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मचारी शामिल होंगे।
हड़ताल के एक दिन पहले, मंगलवार को राजधानी भोपाल में बैंक कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं बुधवार को सुबह 10 बजे कर्मचारी और अधिकारी प्रेस कॉम्पलेक्स में एकत्र होकर रैली निकालेंगे और सभा करेंगे। इस दौरान आंदोलनकारी संगठनों ने सरकार के खिलाफ 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सूची जारी की है।
इतने कर्मचारी प्रर्दशन में होंगे शामिल
यूनियनों का दावा है कि भोपाल में 1000 से ज्यादा कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में हिस्सा लेंगे, वहीं राज्यभर में 40 से ज्यादा यूनियनें इसमें भागीदारी करेंगी। वहीं पूरे प्रदेश के करीब 40 हजार बैंककर्मीयों के इस हड़ताल में शामिल होने की बात सामने आई है। इससे एमपी के लगभग साढ़े 8 हजार शाखाओं में कामकाज पर असर पड़ेगा।