उमरियापान में नहीं थम रहा चोरी का आतंक: सूने मकान से टेंट का सामान पार, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग महनेर गांव में शोकग्रस्त परिवार बना निशाना, गेहूं के खेतों से भागने के मिले सुराग
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान में नहीं थम रहा चोरी का आतंक: सूने मकान से टेंट का सामान पार, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग महनेर गांव में शोकग्रस्त परिवार बना निशाना, गेहूं के खेतों से भागने के मिले सुराग
कलयुग की कलम उमरिया पान – क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरियों की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला ग्राम पंचायत महनेर का है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए टेंट व्यवसाय से जुड़ा कीमती सामान पार कर दिया। घटना से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम महनेर निवासी उमेश काछी (पिता स्व. रामकृपाल काछी) का घर और दुकान महनेर तिराहे के पास स्थित है, जहां वे छोटे स्तर पर टेंट का व्यवसाय संचालित करते हैं। शुक्रवार रात परिवार शोक के कारण बड़े भाई के घर खाना खाने गया हुआ था, क्योंकि पांच दिन पूर्व उनके पिता का निधन हुआ था। रात में भोजन के बाद परिवार घर आकर सो गया। इसी दौरान पीछे बने मकान हिस्से में रखा टेंट का सामान — कुर्सियां, बड़े गंजे (तिरपाल), टेंट सामग्री आदि — अज्ञात चोरों ने रात में कितने बजे पार कर दिया यह जानकारी नहीं है।
सुबह जब उठकर पीछे जाकर देखा तो टेंट का सामान गायब देखकर सन्न रह गया। घर के पीछे खड़ी गेहूं की फसल में पैरों के निशान मिले, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर खेतों के रास्ते भाग निकले। पीड़ित परिवार ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर दोपहर में थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस का भय नहीं रहा। कुछ घंटों के भीतर वारदात को अंजाम देना इस बात का संकेत है कि चोरों का नेटवर्क सक्रिय और संगठित हो सकता है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
कानूनी पहलू और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। लोगों ने पुलिस से अपील की है कि जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बहाल किया जाए।



