भारत पर्व में बुंदेली सुरों और कथक की थिरकन से आज सजेगी गणतंत्र दिवस की शाम बस स्टैंड ऑडिटोरियम में लोकतंत्र के उत्सव का भव्य आयोजन, देशभक्ति से ओतप्रोत होंगी प्रस्तुतियां
कलयुग की कलम से राकेश यादव

भारत पर्व में बुंदेली सुरों और कथक की थिरकन से आज सजेगी गणतंत्र दिवस की शाम बस स्टैंड ऑडिटोरियम में लोकतंत्र के उत्सव का भव्य आयोजन, देशभक्ति से ओतप्रोत होंगी प्रस्तुतियां
कलयुग की कलम कटनी – गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर लोकतंत्र का उत्सव भारत पर्व जिले में सांस्कृतिक उल्लास और देशभक्ति के रंग बिखेरेगा। भारत पर्व का आयोजन 26 जनवरी, सोमवार की शाम 5 बजे से बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्कृति विभाग एवं स्वराज संस्थान संचालनालय, भोपाल से आमंत्रित ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए बुंदेली लोक गायन, कथक नृत्य, लोकगीत-लोकनृत्य के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
भारत पर्व में विशेष आकर्षण के रूप में सुश्री कहकशां अंजुम के नेतृत्व में 9 सदस्यीय दल द्वारा बुंदेली लोकगायन तथा जबलपुर की श्रीमती स्वाति मोदी तिवारी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल द्वारा कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगी।
कार्यक्रम स्थल पर वंदे मातरम की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ-साथ देशभक्ति आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सभी विभागों के अधिकारियों को अपने स्टाफ सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिले के नागरिकों से भी भारत पर्व में शामिल होकर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।



