“सिहोरा आने का वादा अब तक अधूरा: तीन माह बाद भी नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री, उपेक्षा से आहत क्षेत्रवासी”जबलपुर-कटनी के लगातार दौरों के बीच सिहोरा की अनदेखी पर उठे सवाल, जिला आंदोलन के बाद किए वादे की याद दिला रहे नागरिक
कलयुग की कलम से राकेश यादव

“सिहोरा आने का वादा अब तक अधूरा: तीन माह बाद भी नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री, उपेक्षा से आहत क्षेत्रवासी”जबलपुर-कटनी के लगातार दौरों के बीच सिहोरा की अनदेखी पर उठे सवाल, जिला आंदोलन के बाद किए वादे की याद दिला रहे नागरिक
कलयुग की कलम सिहोरा – सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर चले आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिहोरा आने का दिया गया आश्वासन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। 26 दिसंबर 2025 को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे सिहोरा प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री ने जल्द सिहोरा आने की बात कही थी, लेकिन लगभग तीन महीने बीतने के बाद भी उनके आगमन की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। इससे सिहोरा के लोगों में निराशा और असंतोष का माहौल देखा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उस समय मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान व्यंग्य करते हुए कहा था कि “सिहोरा भी मध्यप्रदेश का ही हिस्सा है।” इस पर मुख्यमंत्री ने सिहोरा आने का आश्वासन दिया था और स्थानीय विधायक संतोष बरकड़े को कार्यक्रम बनाने के निर्देश भी दिए थे।
आंदोलन के बाद भी इंतजार
सिहोरा जिला आंदोलन 3 दिसंबर से शुरू हुआ था, जो 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। उस समय यह उम्मीद जताई जा रही थी कि मुख्यमंत्री स्वयं सिहोरा आकर क्षेत्र की जनता को संबोधित करेंगे और विकास योजनाओं की घोषणा करेंगे। लेकिन समय बीतने के साथ यह उम्मीद अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।
आसपास विकास, सिहोरा खाली
इधर पिछले तीन महीनों में मुख्यमंत्री के जबलपुर और कटनी क्षेत्र में कई दौरे हो चुके हैं, जहां विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं और भूमिपूजन हुए हैं। ऐसे में सिहोरा के लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब आसपास के क्षेत्रों में लगातार योजनाएं स्वीकृत हो रही हैं, तो सिहोरा अब तक क्यों उपेक्षित बना हुआ है।
जनता में बढ़ रही नाराजगी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सिहोरा की जनता ने हमेशा विकास और शासन के पक्ष में सहयोग किया है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। जिला बनाने की मांग भी लंबे समय से उठ रही है, जिसको लेकर लोगों में काफी उम्मीदें थीं।
वादा निभाने की मांग
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्ण कुमार कुररिया, मानस तिवारी, संतोष पांडे, संतोष वर्मा, अमित बक्शी, सुशील जैन, नितेश खरया, रामजी शुक्ला, प्रदीप दुबे, नवीन शुक्ला और नंदू परोहा सहित अन्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री से अपने वादे को निभाते हुए शीघ्र सिहोरा आगमन का कार्यक्रम तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री का सिहोरा दौरा क्षेत्र की जनता की उम्मीदों को नया विश्वास देगा।



