प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी जिले में नए बदलाव की दस्तक: उमरियापान को जनवरी 2026 तक मिल सकता है नगर परिषद का दर्जा, पाँचवाँ नगरीय निकाय बनेगा हकीकत

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी जिले में नए बदलाव की दस्तक: उमरियापान को जनवरी 2026 तक मिल सकता है नगर परिषद का दर्जा, पाँचवाँ नगरीय निकाय बनेगा हकीकत

कलयुग की कलम उमरिया पान -जिले में नगरीय विकास को एक नया विस्तार मिलने वाला है। उमरियापान को जनवरी 2026 तक नगर परिषद का दर्जा मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। जिले में फिलहाल चार नगरीय निकाय संचालित हैं और उमरियापान के जुड़ते ही यह संख्या बढ़कर पाँच हो जाएगी, जिससे प्रशासनिक ढांचा और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में नई गति आने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक उमरियापान के वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां 15 वार्डों के गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। परिसीमन रिपोर्ट पर अंतिम मुहर लगते ही नगर परिषद गठन की अधिसूचना कभी भी जारी की जा सकती है। इसके साथ ही उमरियापान आधिकारिक तौर पर जिले का नया नगरीय निकाय बन जाएगा।

वर्तमान में कटनी जिले में चार नगरीय निकाय —नगर पालिक निगम कटनी,नगर परिषद कैमोर,नगर परिषद बरही और नगर परिषद विजयराघवगढ़ संचालित हैं। उमरियापान को शामिल करने से जिले की नगरीय व्यवस्था और विस्तृत हो जाएगी।

2011 की जनगणना के अनुसार उमरियापान की आबादी 16,807 दर्ज की गई थी। इसके साथ ही बम्हनी पचपेड़ी और आसपास की अन्य पंचायतों को जोड़े जाने पर नगर परिषद गठन के लिए आवश्यक जनसंख्या आसानी से पूरी हो रही है। प्रशासनिक मानकों के अनुसार भी क्षेत्र को नगरीय स्वरूप दिए जाने के पर्याप्त आधार मौजूद हैं।

स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों में नगर परिषद गठन को लेकर खासा उत्साह है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद बनने से सड़क, जलप्रदाय, सफाई, रोशनी और आधारभूत सुविधाओं में अभूतपूर्व सुधार आएगा। विकास कार्यों को गति मिलेगी और क्षेत्र में योजनाओं के क्रियान्वयन की बाधाएं भी खत्म होंगी।उमरियापान को नगर परिषद दर्जे की ओर बढ़ता यह कदम जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अब निगाहें परिसीमन रिपोर्ट और आगामी अधिसूचना पर टिकी हैं, जो विकास की नई दिशा तय करेगी।

Related Articles

Back to top button