प्रशासनमध्यप्रदेश

25 अप्रैल तक कटनी में गूंजेगा ‘नारी शक्ति वंदन’ का उत्सव महिलाओं के अधिकारों की जानकारी से लेकर नेतृत्व के जश्न तक—जन-जन होगा जागरूक

कलयुग की कलम से राकेश यादव

25 अप्रैल तक कटनी में गूंजेगा ‘नारी शक्ति वंदन’ का उत्सव महिलाओं के अधिकारों की जानकारी से लेकर नेतृत्व के जश्न तक—जन-जन होगा जागरूक

कलयुग की कलम कटनी –जिले में महिला सशक्तिकरण को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 25 अप्रैल तक “नारी शक्ति वंदन” पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा और समाज में महिलाओं की भूमिका व नेतृत्व को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने इस पखवाड़े को जन-उत्सव के रूप में आयोजित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि कार्यक्रम व्यापक और प्रभावी बन सके।

पदयात्रा से बढ़ेगा जन-जुड़ाव, युवा भी होंगे सक्रिय

महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में “नारी शक्ति पदयात्रा” निकाली जाएगी, जिसमें समाज की प्रबुद्ध महिलाएं भाग लेंगी। वहीं, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा “नारी शक्ति वंदन दीवार” तैयार की जाएगी, जहां युवा वर्ग पेंटिंग और संदेशों के माध्यम से अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेगा।

 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर विशेष ग्राम सभाएं

पखवाड़े का प्रमुख आकर्षण 14 अप्रैल, अंबेडकर जयंती रहेगा। इस दिन जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।कलेक्टर ने त्रि-स्तरीय पंचायतों, नगरीय निकायों एवं शैक्षणिक संस्थानों में गोष्ठियों और सेमिनार आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं।

 डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दिखेगा अभियान का असर

इस अभियान को डिजिटल माध्यमों से भी व्यापक रूप दिया जाएगा। “नारी शक्ति वंदन” से जुड़े प्रेरक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएंगे।

महिला स्व-सहायता समूहों, ‘लखपति दीदी’ और ‘लाड़ली बहना’ जैसी योजनाओं से जुड़ी महिलाओं को अभियान का चेहरा बनाया जाएगा, जिससे आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बल मिलेगा।

 स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं और व्याख्यान

जिले के स्कूलों और कॉलेजों में विशेष व्याख्यान, निबंध, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को महिला सशक्तिकरण के कानूनी और सामाजिक पहलुओं से परिचित कराना है।

 जन-प्रतिनिधियों की भागीदारी से बनेगा जन-उत्सव

कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि “नारी शक्ति वंदन” पखवाड़ा वास्तव में एक जन-आंदोलन और लोक-उत्सव का रूप ले सके।

Related Articles

Back to top button