सड़क निर्माण से समृद्धि की ओर मध्य प्रदेश जबलपुर में 4,250 करोड़ की लागत से 174 किमी लंबाई की 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का केंद्रीय परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने किया लोकार्पण,
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सड़क निर्माण से समृद्धि की ओर मध्य प्रदेश जबलपुर में 4,250 करोड़ की लागत से 174 किमी लंबाई की 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का केंद्रीय परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने किया लोकार्पण,
कलयुग की कलम जबलपुर -मध्य प्रदेश के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को जबलपुर के महानद्दा क्षेत्र में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4,250 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 174 किलोमीटर लंबाई की 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मंत्री संपतिया उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा, जबलपुर सांसद आशीष दुबे, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सांसद सुमित्रा बाल्मीक, महापौर, विधायकगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रदेश को मिली बड़ी सौगात
लोकार्पित परियोजनाओं में दमोह नाका से मेडिकल रोड तक 7 किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर, हिरन–सिंदूर खंड में नौरादेही वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र का 4-लेन चौड़ीकरण, तथा कटनी बाईपास चौड़ीकरण प्रमुख हैं। इनके साथ अन्य छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी आज शिलान्यास हुआ।
इन परियोजनाओं से जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। फ्लाईओवर से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, समय और ईंधन की बचत होगी तथा प्रदूषण में कमी आएगी। कटनी और रीवा बाईपास चौड़ीकरण से वाराणसी से नागपुर तक का मार्ग 4-लेन कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगा।
विकास और पर्यटन को नई गति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं से आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। नौरादेही वन क्षेत्रों में न्यूनतम हस्तक्षेप आधारित चौड़ीकरण कार्य से वन्यजीव संरक्षण को बल मिलेगा।उन्होंने कहा कि डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे आदिवासी क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से वहां के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से रीवा-जबलपुर एवं भोपाल-जबलपुर के बीच यात्रा समय में लगभग 20 मिनट की बचत होगी। वहीं, कान्हा एवं बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यानों तक आसान पहुंच होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
15,000 करोड़ की नई घोषणाएँ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश को 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात भी दी। इनमें 5,500 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित टाइगर कॉरिडोर परियोजना शामिल है, जिसके अंतर्गत कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को 4-लेन सड़कों से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा,
15,000 करोड़ रुपये की लागत से भोपाल–जबलपुर ग्रीनफील्ड हाईवे (255 किमी),10,000 करोड़ की लागत से लखनादौन–रायपुर 4-लेन हाईस्पीड कॉरिडोर (220 किमी),12,000 करोड़ की लागत से इंदौर–भोपाल 107 किमी हाईवे,तथा 7,000 करोड़ से अधिक के अन्य मार्ग कार्य घोषित किए गए।
मध्य प्रदेश के चहुंमुखी विकास की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश राष्ट्रीय राजमार्गों के मजबूत नेटवर्क से चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में सड़क निर्माण से प्रदेश का हर क्षेत्र औद्योगिक, सामाजिक और पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा



