एमपी के 5 श्रद्धालुओं की राजस्थान में दर्दनाक मौत हो गई। जयपुर के चाकसू में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-52) पर सुबह करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। शनिवार तड़के हुए इस भीषण सड़क हादसे से हाहाकार मच गया। चाकसू पुलिस SHO मनोहर लाल मेघवाल के मुताबिक, चाकसू में टिगरिया मोड़ के पास जयपुर की ओर जा रही कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। ड्राइवर को झपकी आने से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। लोकल पुलिस और एक्सीडेंट रिस्पॉन्स टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
जबरदस्त टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। एक महिला सहित कार सवार 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जब कि एक युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सांसें थम गईं। मध्यप्रदेश के जबलपुर से ये श्रद्धालु खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही चाकसू पुलिस मौके पर पहुंची। सभी शवों को चाकसू अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार 4 मृतकों की पहचान हो चुकी है। कार हादसे में अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के बेटे पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और ड्राइवर अनुराग की मौत हुई। एक अन्य मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर जय सिंह ने बताया कि मृतकों के परिवार वालों को दुर्घटना की सूचना तुरंत दे दी गई थी। मामले की जांच की जा रही है।
54 साल की मृतका रेशमा श्रीवास्तव दो दिन पहले महाकालेश्वर के दर्शन करने उज्जैन के लिए निकली थीं। रेशमा श्रीवास्तव ने ड्राइवर अनुराग, रजक राहुल, शानू और पीयूष के साथ 13 फरवरी यानि शुक्रवार को महाकाल के दर्शन किए। यहां से सभी लोग खाटू श्याम दर्शन के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
रेशमा श्रीवास्तव, जबलपुर के रेलवे स्कूल में टीचर थीं। उनके पति अखिलेश श्रीवास्तव पिछले साल सरकारी सेवा से रिटायर हो चुके हैं। श्रीवास्तव दंपत्ति की 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी पलक श्रीवास्तव ग्रेजूएट हैं जबकि छोटी बेटी पूजा 11th क्लास में है। पलक को मां की मौत के बारे में नहीं बताया, सिर्फ घायल होने की बात बताई है।
परिजनों को सुबह करीब 7 बजे हादसे की सूचना मिली। खबर मिलते ही सभी प्रभावित परिजन जयपुर के लिए रवाना हो गए।
इनकी हुई मौत
1-शानू सूकरवार पुत्र पप्पू उम्र 25 साल निवासी इंद्रा नगर थाना कैंट जिला जबलपुर
2-अनुराग रजक पुत्र राज कुमार रजक उम्र 27 साल निवासी शंकर नगर खेरमाई मंदिर के पास जबलपुर
3-पीयूष राय पुत्र राजेश राय उम्र 26 साल निवासी शंकर नगर थाना मंडोताल जबलपुर
4- राहुल रजक पुत्र बबलू रजक उम्र 27 साल निवासी खेरमाई मंदिर के पास जबलपुर
5- रेशमा श्रीवास्तव पत्नी अखिलेश उम्र 54 साल निवासी जददा नगर थाना मांडो ताल जबलपुर