अवैध खनिज परिवहन पर नकेल, रातभर चला अभियान खनिज व पुलिस विभाग की संयुक्त कार्यवाही में दो ओवरलोड वाहन जब्त, कलेक्टर न्यायालय में भेजे जाएंगे प्रकरण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध खनिज परिवहन पर नकेल, रातभर चला अभियान खनिज व पुलिस विभाग की संयुक्त कार्यवाही में दो ओवरलोड वाहन जब्त, कलेक्टर न्यायालय में भेजे जाएंगे प्रकरण
कलयुग की कलम कटनी – अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा टास्क फोर्स बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापक जांच अभियान चलाया।
जिला खनिज अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि 11 बजे से मध्यरात्रि 3 बजे तक झिंझरी बाईपास, पन्ना नाका, चाका बाईपास एवं बड़वारा रोड मझगवां क्षेत्र में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान सुरकी टैंक के पास एक वाहन को गिट्टी का ई-टीपी से अधिक मात्रा में परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
इसी क्रम में पन्ना नाका नहर के समीप एक अन्य वाहन में लेटराइट खनिज का ओवरलोड परिवहन पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। दोनों जब्त वाहनों को पुलिस थाना प्रभारी के सहयोग से कुठला थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।प्रशासन द्वारा दोनों वाहनों के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन के प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की कार्यवाही की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी श्री पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक श्री कमलकांत परस्ते, सिपाही श्री ज्ञानेन्द्र सिंह तथा कुठला थाना के उपनिरीक्षक श्री रवि शुक्ला सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।



