मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है यहां सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस हादसे का शिकार हो गई। छिंदवाड़ा एसपी ने हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है, मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं व एक बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है, हादसे में 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सेमरिया हनुमान मंदिर मोहखेड़ के पास ये हादसा हुआ। बस में सवार सभी लोग सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे थी तभी बस की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई और चीख पुकार मच गई। घटना का पता चलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लगा लंबा जाम
बस पलटने की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। 20 से ज्यादा एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे के बाद सड़क पर 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाकर यातायात सुचारू रूप से शुरू कर कराया। जो बस हादसे का शिकार हुई है वो भंडारकुंड करेर की बताई जा रही है। जानकारी मिली है हादसे में एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया और कई के सिर फूटे हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। बस में 41 लोग सवार थे। यह बस छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी। बस छिंदवाड़ा के पुलिस ग्राउंड में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से वापस लौट रही थी। इस हितग्राही सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।