दबंगई पर चला कानून का डंडा: सरकारी काम में रोड़ा बने दो आरोपी सलाखों के पीछे,पंचायत भवन कब्जे से लेकर सचिव से अभद्रता तक, पुराने विवादों ने पहुंचाया जेल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दबंगई पर चला कानून का डंडा: सरकारी काम में रोड़ा बने दो आरोपी सलाखों के पीछे,पंचायत भवन कब्जे से लेकर सचिव से अभद्रता तक, पुराने विवादों ने पहुंचाया जेल
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासकीय कार्य में बाधा डालने और लगातार दबंगई दिखाने वाले तत्वों के खिलाफ ढीमरखेड़ा पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत कटरिया में सचिव के साथ अभद्रता और काम में रुकावट डालने के मामले में की गई।
क्या है मामला?
ग्राम हरदुआ अतरिया निवासी 50 वर्षीय सचिव सोने सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को जब वे पंचायत भवन में सरकारी कार्य कर रहे थे, तभी गांव के नानबाई और शेषनारायण गोंड वहां पहुंचे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए काम बंद करने का दबाव बनाने लगे।
पहले भी विवादों में रहे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी विवादों में शामिल रहे हैं। उन्होंने पंचायत भवन में ताला लगाकर अवैध कब्जा कर लिया था, जिसे प्रशासन की कार्रवाई के बाद खाली कराया गया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार नियमों की अनदेखी कर रहे थे।
पुलिस की रणनीति से गिरफ्तारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से 2 अप्रैल को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296ए, 221, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश कर दोनों को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इनका रहा अहम योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि जयपाल सिंह, आरक्षक पंकज, देवेन्द्र अहिवार, महिला आरक्षक शालिनी राजपूत और महिला कोटवार रिंकी दाहिया की सराहनीय भूमिका रही।



