प्रशासनमध्यप्रदेश

शराब के नशे में स्कूल पहुँचा शिक्षक, वीडियो वायरल होते ही गिरी गाज जिला पंचायत सीईओ ने सहायक अध्यापक को किया तत्काल निलंबित

कलयुग की कलम से राकेश यादव

शराब के नशे में स्कूल पहुँचा शिक्षक, वीडियो वायरल होते ही गिरी गाज जिला पंचायत सीईओ ने सहायक अध्यापक को किया तत्काल निलंबित

कलयुग की कलम कटनी -शिक्षा के मंदिर में अनुशासनहीनता और गैरजिम्मेदाराना रवैये को लेकर जिला प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाया है। शराब के नशे में विद्यालय आने और बच्चों को पढ़ाने में लापरवाही बरतने वाले सहायक अध्यापक पर कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने शासकीय प्राथमिक शाला गोइन्द्रा, संकुल केन्द्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयराघवगढ़ में पदस्थ सहायक अध्यापक अरविन्द कुजूर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामला उस समय सामने आया जब ग्रामीणों ने शिक्षक की आपत्तिजनक गतिविधियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के सामने आने के बाद जनशिक्षक द्वारा विद्यालय परिसर पहुंचकर जांच की गई तथा मौके पर पंचनामा तैयार किया गया।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि सहायक अध्यापक अरविन्द कुजूर अक्सर शराब के नशे में विद्यालय आते थे और विद्यार्थियों को पढ़ाने में घोर लापरवाही बरतते थे। उनका यह आचरण न केवल शिक्षकीय मर्यादा के विपरीत है, बल्कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन भी है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के उपनियम 09 के तहत कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित किया गया।

निलंबन अवधि के दौरान सहायक अध्यापक अरविन्द कुजूर का मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, बड़वारा निर्धारित किया गया है। साथ ही इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।प्रशासन की इस कार्रवाई को शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button