अवैध रेत खनन पर टास्क फोर्स का करारा प्रहार, आधा दर्जन वाहन जब्त ढीमरखेड़ा में रात के अंधेरे में हो रही रेत चोरी पर सख़्ती, सगमा-दशरमन से चार ट्रैक्टर पकड़े
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध रेत खनन पर टास्क फोर्स का करारा प्रहार, आधा दर्जन वाहन जब्त ढीमरखेड़ा में रात के अंधेरे में हो रही रेत चोरी पर सख़्ती, सगमा-दशरमन से चार ट्रैक्टर पकड़े
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -कटनी जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन की सख़्त कार्यवाही लगातार जारी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स ने शनिवार को ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त आधा दर्जन वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढीमरखेड़ा क्षेत्र में रात के अंधेरे में रेत चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सगमा और दशरमन के आसपास दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टरों को मौके से पकड़ा गया। सभी जब्त ट्रैक्टरों को सुरक्षित रूप से पुलिस चौकी सिलोंडी में खड़ा कराया गया है, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
इसी क्रम में टास्क फोर्स ने खनिज नियमों के उल्लंघन का एक और मामला पकड़ा। कार्रवाई के दौरान मार्बल खंडा एवं मार्बल ब्लॉक का ई-टीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट परमिट) से अधिक मात्रा में परिवहन करते हुए दो वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों को स्लीमनाबाद थाना परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है। खनिज अधिनियम के तहत संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में उप संचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी श्री पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक श्री कमलकांत परस्ते, सिपाही श्री ज्ञानेंद्र सिंह तथा थाना प्रभारी श्री अभिषेक चौबे की सराहनीय भूमिका रही। टीम की सतर्कता और समन्वय से यह कार्रवाई सफल रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टास्क फोर्स द्वारा आगामी दिनों में जिले की अन्य तहसीलों में भी इसी प्रकार के संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन की इस सख़्त कार्रवाई से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।



