प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जबलपुर जिले में स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ कल, पहले दिन ग्रामीण क्षेत्रों में होंगी स्वच्छता की विभिन्न गतिविधियाँ
जबलपुर- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर कल 17 सितंबर से शुरू हो रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के पहले दिन जिले के ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। गांवों में स्वच्छता के लिये श्रमदान के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे तथा ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जायेगी।
“स्वभाव स्वच्छता – संस्कार स्वच्छता” की थीम पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलाये जाने वाले स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत के पहले दिन अंतर्गत जनपद पंचायत जबलपुर एवं पनागर की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम वासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी और जनभागीदारी से स्वच्छता में श्रमदान किया जाएगा।
इसी प्रकार जनपद पंचायत मझौली में सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता शपथ, श्रमदान एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया जाएगा। जनपद पंचायत सिहोरा का मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत गांधीग्राम में आयोजित किया जाएगा। विधायक श्री संतोष वरकड़े की मौजूदगी में आयोजित किये जाने वाले इस कार्यक्रम में नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही हस्ताक्षर केम्पेन, श्रमदान एवं सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत जबलपुर के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहेंगे।
ग्राम पंचायत कुंडेश्वर धाम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्वच्छता शपथ, श्रमदान द्वारा सफाई, स्वच्छता हस्ताक्षर केम्पेन चलाया जाएगा। जनपद पंचायत शहपुरा का मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत जमुनिया पुरानी में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक बरगी श्री नीरज सिंह की मौजूदगी में स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी और श्रमदान द्वारा सफाई एवं स्वच्छता हस्ताक्षर कैंपेन चलाया जाएगा। जनपद पंचायत पाटन का मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत सहसन धनेटा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वच्छता शपथ, श्रमदान द्वारा सफाई एवं स्वच्छता हस्ताक्षर केम्पेन चलाया जाएगा।