अचानक बदला मौसम: आंधी-तूफान और बारिश से कटनी-अंचल बेहाल,ब्लैकआउट से अंधेरे में डूबे गांव-शहर, इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अचानक बदला मौसम: आंधी-तूफान और बारिश से कटनी-अंचल बेहाल,ब्लैकआउट से अंधेरे में डूबे गांव-शहर, इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
कटनी /उमरिया पान -जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट लेते हुए जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज आंधी, तूफान और झमाझम बारिश ने जहां लोगों की दिनचर्या प्रभावित की, वहीं कई इलाकों में घंटों तक ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही।
शाम होते-होते तेज हवाएं चलने लगीं और करीब 8:30 बजे के आसपास बारिश ने जोर पकड़ लिया। आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, जिससे बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा और शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली गुल होने से बाजारों और रिहायशी इलाकों में अंधेरा छा गया, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बदले मौसम के कारण यातायात भी प्रभावित रहा और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए।
इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। गेहूं की फसल इस समय पूरी तरह पककर तैयार है, ऐसे में तेज हवा और बारिश से नुकसान की आशंका बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसमीय तंत्र के कारण इस तरह का मौसम बना हुआ है और आगामी दिनों में भी आंधी-तूफान व बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।



