आईटीआई ढीमरखेड़ा के विद्यार्थियों ने देखा ग्लोबल स्किल पार्क का अत्याधुनिक संसार भोपाल में शैक्षणिक भ्रमण से मिला तकनीकी कौशल और रोजगार अवसरों का व्यापक दृष्टिकोण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आईटीआई ढीमरखेड़ा के विद्यार्थियों ने देखा ग्लोबल स्किल पार्क का अत्याधुनिक संसार भोपाल में शैक्षणिक भ्रमण से मिला तकनीकी कौशल और रोजगार अवसरों का व्यापक दृष्टिकोण
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा के प्रशिक्षणार्थियों ने सोमवार को संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क, भोपाल का शैक्षणिक भ्रमण कर आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण व्यवस्था को करीब से देखा और समझा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि यह संस्थान मध्यप्रदेश शासन एवं सिंगापुर के सहयोग से संचालित है, जहाँ आईटीआई उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को एडवांस कंप्यूटर ट्रेड सहित विभिन्न उन्नत तकनीकी पाठ्यक्रमों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण उपरांत प्रदेश, देश और विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं। यहाँ से प्रदान किए जाने वाले प्रमाणपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य हैं।
संस्थान की एक विशेषता यह भी है कि प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। निर्धारित शुल्क राशि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में वापस की जाती है तथा आवासीय सुविधा भी निःशुल्क प्रदान की जाती है। साथ ही तकनीकी दक्षता के अतिरिक्त व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल एवं रोजगार उन्मुख मार्गदर्शन पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में सफल हो सकें।
यह शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षण प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के आवागमन एवं अन्य व्यवस्थाओं का संचालन भी उनके द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से किया गया।
भ्रमण के पश्चात विद्यार्थियों ने आईटीआई प्राचार्य श्री संत सिंह एवं नोडल प्राचार्य कटनी श्री देवेश कुमार मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। दोनों प्राचार्यों ने विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर अपने कौशल का विकास करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भी आभार प्रकट किया, जिनके मार्गदर्शन में प्रदेश में कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की जा रही है।यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



