प्रशासनमध्यप्रदेश

लापरवाही पर सख्ती, गुणवत्ता पर ज़ोर: तय समय-सीमा में पूरे हों सभी निर्माण कार्य – कलेक्टर आशीष तिवारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

लापरवाही पर सख्ती, गुणवत्ता पर ज़ोर: तय समय-सीमा में पूरे हों सभी निर्माण कार्य – कलेक्टर आशीष तिवारी

कलयुग की कलम कटनी -जिले में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। वे सोमवार को विभिन्न विकास एवं निर्माण विभागों की प्रगति की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल संसाधन विभाग, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती विंकी सिंहमारे उइके भी उपस्थित रहीं।

कलेक्टर श्री तिवारी ने पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी नल-जल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर ग्राम पंचायतों को शीघ्र हस्तांतरित किया जाए। साथ ही कार्य में रुचि न लेने वाले और समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण एवं ब्लैकलिस्ट की सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत लापरवाही के चलते मेसर्स शिवम इंजीनियरिंग एवं मेसर्स एन.पी.एस. कंस्ट्रक्शन के अनुबंध निरस्त किए जा चुके हैं। वहीं मेसर्स नेटलिंक सॉफ्टवेयर कंपनी के विरुद्ध भी अनुबंध निरस्तीकरण का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 683 योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 442 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और 215 योजनाएं प्रगति पर हैं। पूर्ण योजनाओं में से बड़ी संख्या में योजनाएं ‘हर घर जल’ रिपोर्टेड एवं सर्टिफाइड की जा चुकी हैं, साथ ही सैकड़ों योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण भी किया गया है।

कलेक्टर ने जल निगम को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की शीघ्र समीक्षा एवं जांच के निर्देश दिए। वहीं जल संसाधन विभाग की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और लापरवाह ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर भवन विकास निगम के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए।

इसके अलावा कलेक्टर श्री तिवारी ने लोक निर्माण विभाग को वर्ष 2025-26 के बजट में स्वीकृत कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीआईयू को 90-95 प्रतिशत पूर्ण हो चुके कार्य आगामी 1 से 2 माह में पूरे करने तथा सेतु विभाग को आदर्श कॉलोनी में निर्माणाधीन ब्रिज एक माह में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button