सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर सख़्त रुख, वेतन कटौती तक की चेतावनी समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने दिए कड़े निर्देश, योजनाओं की प्रगति पर पैनी नजर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर सख़्त रुख, वेतन कटौती तक की चेतावनी समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने दिए कड़े निर्देश, योजनाओं की प्रगति पर पैनी नजर
कलयुग की कलम कटनी -कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण तय समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। शिकायतें नॉट अटेंड रहने या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध वेतन कटौती जैसी कठोर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री तिवारी ने यह निर्देश सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार तथा अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम आयुक्त को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को ऋण स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य मानवाधिकार आयोग से संबंधित लंबित मामलों में समय पर प्रतिवेदन प्रेषित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
लाड़ली लक्ष्मी और पोषण योजनाओं की समीक्षा
बैठक में पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से कुपोषित, गंभीर कुपोषित तथा पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई। लाड़ली लक्ष्मी योजना में अपेक्षा से कम पंजीयन पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए।
उज्ज्वला 3.0 और सोलर पंप योजना पर ज़ोर
धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला 3.0 योजना में आदिवासी परिवारों की ई-केवाईसी कर नि:शुल्क गैस कनेक्शन, चूल्हा और सिलेंडर से लाभान्वित करने के निर्देश जिला आपूर्ति अधिकारी को दिए गए।
वहीं “प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना” के अंतर्गत जिले के 559 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप वितरण का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश उपसंचालक कृषि को दिए गए।
कम प्रगति पर पटवारियों को नोटिस
समग्र ई-केवाईसी, पीएम किसान सम्मान निधि एवं एनपीसीआई कैंपों में फार्मर आईडी रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। जनपद पंचायत रीठी, बड़वारा और ढीमरखेड़ा में कार्य में रुचि नहीं लेने वाले पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
अगले एक सप्ताह में शत-प्रतिशत जन्म प्रमाण पत्र
कलेक्टर श्री तिवारी ने संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों का निराकरण कर अगले एक सप्ताह में शत-प्रतिशत प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।
पेंशन प्रकरणों पर सख्ती
शिक्षा, पीएचई, वन, राजस्व एवं अन्य विभागों के लंबित पेंशन मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी आपत्तियों का एक साथ निराकरण कर ही प्रकरण पेंशन अधिकारी को भेजे जाएं। पेंशन अधिकारी को भी बिना चेकलिस्ट पूर्ण किए गए प्रकरण स्वीकार न करने के निर्देश दिए गए।
संपूर्णता अभियान 2.0
नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड रीठी में “संपूर्णता अभियान 2.0” के अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशुपालन से जुड़े 6 प्रमुख संकेतकों को आगामी तीन माह में शत-प्रतिशत सेचुरेशन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अभियान में विभागीय समन्वय और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जिला पंजीयक, जिला आबकारी अधिकारी, जिला रोजगार अधिकारी, उद्योग विभाग, पेंशन अधिकारी, सीएमएचओ सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



