कटनी में पुलिस व्यवस्था की कड़ी समीक्षा: एएसपी संतोष डेहरिया का बहोरीबंद व स्लीमनाबाद थानों का औचक निरीक्षण अभिलेख, बंदीगृह, मालखाना से लेकर फरियादियों से व्यवहार तक हर पहलू की जांच
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में पुलिस व्यवस्था की कड़ी समीक्षा: एएसपी संतोष डेहरिया का बहोरीबंद व स्लीमनाबाद थानों का औचक निरीक्षण अभिलेख, बंदीगृह, मालखाना से लेकर फरियादियों से व्यवहार तक हर पहलू की जांच
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद -जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया ने 11 फरवरी 2026 को थाना बहोरीबंद एवं स्लीमनाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एएसपी श्री डेहरिया ने सबसे पहले थानों के बंदीगृह की स्थिति का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। इसके पश्चात अभिलेख संधारण, मालखाना प्रबंधन तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने CCTNS प्रणाली के अद्यतन रिकॉर्ड की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी प्रकरणों की समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई, ताकि थाने की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे। धारा 173(8) जा.फौ. के अंतर्गत लंबित विवेचनाओं एवं अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) प्रकरणों की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा रात्रि गश्त की प्रभावशीलता, ई-समंस एवं वारंट तामीली की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। एएसपी ने थाने में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा अनुशासन एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनविश्वास बनाए रखने के लिए सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत दी गई।



