उमरियापान–ढीमरखेड़ा–सिलौंडी में बोर्ड परीक्षा का सख्त निरीक्षण डाइट कटनी टीम ने टटोली शिक्षा की नब्ज, नकल रोकने और गुणवत्ता सुधार पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान–ढीमरखेड़ा–सिलौंडी में बोर्ड परीक्षा का सख्त निरीक्षण डाइट कटनी टीम ने टटोली शिक्षा की नब्ज, नकल रोकने और गुणवत्ता सुधार पर जोर
कलयुग की कलम उमरिया पान -कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार डाइट कटनी की निरीक्षण टीम ने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की बोर्ड परीक्षा का तेवरी, स्लीमनाबाद, उमरियापान एवं ढीमरखेड़ा के परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा नियमानुसार एवं शांतिपूर्ण तरीके से संचालित पाई गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रत्येक केंद्र पर फर्स्ट एड किट उपलब्ध रखने, परीक्षा कक्षों में आवश्यक जानकारी अद्यतन रूप में प्रदर्शित करने तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

स्कूलों में अकादमिक स्तर की जांच
निरीक्षण के पश्चात दल ने मुरवारी एवं सिलौंडी के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन किया तथा उनसे सीधा संवाद स्थापित किया। संवाद के दौरान नकल के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए ईमानदारी से परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया गया।
टीम ने विद्यार्थियों के अभिभावकों से भी बातचीत कर बच्चों की दिनचर्या व्यवस्थित करने, अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण बनाने तथा नियमित मार्गदर्शन देने की सलाह दी।
निपुण भारत लक्ष्य पर शिक्षकों से गहन चर्चा
सिलौंडी एवं दशरमन जन शिक्षा केंद्र अंतर्गत प्राथमिक शालाओं में कक्षा 1 से 3 तक अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के साथ मौखिक भाषा विकास, पठन, लेखन एवं चिंतन कौशल को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विद्यालयों को “निपुण” बनाने हेतु कार्ययोजना साझा की गई।
शिक्षकों को अपनी फिटनेस के प्रति सजग रहने, दैनिक डायरी संधारण तथा सुव्यवस्थित दिनचर्या अपनाने के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
बालिका छात्रावास में छात्राओं का आकलन
बालिका छात्रावास सिलौंडी में छात्राओं का शैक्षणिक आकलन करते हुए उन्हें समझकर पढ़ने की आदत विकसित करने और रटने की प्रवृत्ति छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाने की बात कही गई।
उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम की सराहना
डाइट फैकल्टी ने ढीमरखेड़ा जनपद शिक्षा केंद्र की टीम द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट अकादमिक कार्य की सराहना की।
निरीक्षण दल में शामिल रहे
निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग के दौरान डाइट फैकल्टी के वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी, राकेश सिन्नरकर, बीआरसी प्रेम कोरी, बीएसी रामनाथ पटेल, जन शिक्षक सत्यदेव महोबिया, संतोष बर्मन, सुशील पटेल, श्रीकांत त्रिपाठी, सतेंद्र बागरी, वार्डन सिलौड़ी सुनीता कुशवाहा एवं उपयंत्री बी.एम. दहायत की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।



