प्रशासनमध्यप्रदेश

उमरिया पान तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान में कलेक्टर श्री तिवारी का सख्त एक्शन मोड – गांव-गांव पहुंचकर जमीनी हकीकत परखी 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरिया पान तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान में कलेक्टर श्री तिवारी का सख्त एक्शन मोड – गांव-गांव पहुंचकर जमीनी हकीकत परखी 

कलयुग की कलम उमरिया पान – जिले के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने बुधवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक अमले में हलचल मचा दी। उन्होंने भनपुरा, हरदी, उमरिया पान, टोपी, महनेर और दियागढ़ सहित कई गांवों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की हकीकत परखी।

सबसे खास बात यह रही कि कलेक्टर स्वयं चिलचिलाती धूप में करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर पहाड़ी और पथरीले रास्तों से होते हुए भनपुराकला स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम निधि सिंह गोहल, तहसीलदार नितिन पटेल, जनपद सीईओ यजुवेंद्र कोरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नल-जल योजना गांवों को सौंपी, ग्रामीणों से लिया फीडबैक

ग्राम टोपी में कलेक्टर ने नल-जल योजना पंचायत को हस्तांतरित कराई। वहीं हरदी गांव में घर-घर पहुंचकर उन्होंने पानी की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि सभी 98 घरों में नियमित पानी मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने जलकर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बिजली बिल समय पर जमा हो और जल आपूर्ति बाधित न हो।

 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान का निरीक्षण

कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि कैंप लगाकर सर्वाइकल कैंसर के एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए।

उन्होंने प्रसूति वार्ड, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, जनरल वार्ड सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली। पोषण पुनर्वास केंद्र में 7 बच्चे भर्ती पाए गए। आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।

 उमरिया पान तहसील में सख्ती, लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश

उमरिया पान तहसील और लोक सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीमांकन सहित राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। तहसील भवन की मरम्मत का प्रस्ताव भेजने के लिए भी कहा गया।

रास्ते में फैले कचरे को देखकर उन्होंने सरपंच और जनपद अधिकारियों को फटकार लगाई और व्यवस्थित कचरा निपटान के लिए आबादी से बाहर डंपिंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए।

 दियागढ़ में अश्वगंधा और चिया की खेती बनी आकर्षण का केंद्र

दियागढ़ गांव में कलेक्टर ने किसान जगपति सिंह के खेत में अश्वगंधा और चिया की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने इस नवाचार की सराहना की। किसान के अनुसार चिया की फसल से 70 से 80 हजार रुपए तक की आमदनी संभव है, जो अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन सकती है।

 गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की हकीकत परखी

कलेक्टर का यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं रहा, बल्कि उन्होंने गलियों में घूमकर, घर-घर जाकर और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानी। आयुष्मान कार्ड, आंगनबाड़ी संचालन और किसान आईडी जैसे मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

Related Articles

Back to top button