एसपी का औचक निरीक्षण, कुठला थाने में परखी व्यवस्थाएं गश्त तेज करने और पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के सख़्त निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

एसपी का औचक निरीक्षण, कुठला थाने में परखी व्यवस्थाएं गश्त तेज करने और पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के सख़्त निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को थाना कुठला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की गहन समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए नियमित गश्त, सघन वाहन चेकिंग, पैदल पेट्रोलिंग तथा पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब पुलिस सड़कों पर सक्रिय और सतत दिखाई देती है, तो नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ता है और असामाजिक तत्वों पर स्वतः अंकुश लगता है।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी रजिस्टर, अपराध संबंधी अभिलेख, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा थाना की दैनिक कार्यप्रणाली की भी बारीकी से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसंवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पुलिस पर जनता का विश्वास बनाए रखना है, जिसके लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगी।



