कटनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 26 दिसंबर को विशेष ग्राम सभाएं विकसित भारत@2047 की दिशा में बड़ा कदम, ग्रामीणों को मिलेंगे नए कानूनी अधिकारों की जानकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 26 दिसंबर को विशेष ग्राम सभाएं विकसित भारत@2047 की दिशा में बड़ा कदम, ग्रामीणों को मिलेंगे नए कानूनी अधिकारों की जानकारी
कलयुग की कलम कटनी -पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन को लेकर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष ग्राम सभाओं के संचालन एवं सम्मिलन की कार्यवाही को निर्धारित एजेंडा के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही ग्राम सभाओं के सुचारु संचालन एवं निगरानी के लिए पंचायत राज संचालनालय, भोपाल में नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई है।
विशेष ग्राम सभाओं का उद्देश्य और एजेंडा
सुश्री कौर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय विजन “विकसित भारत@2047” के परिप्रेक्ष्य में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के स्थान पर “विकसित भारत – रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)” (वीबी-जी राम जी) अधिनियम, 2025 लागू किया गया है।
इस नए अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों एवं ग्रामीणों को प्राप्त कानूनी अधिकारों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 दिसंबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
ग्राम सभाओं में ग्रामीण श्रमिकों, महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, कमजोर एवं वंचित वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक से अधिक जनसहभागिता के लिए जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए हैं।



