सोशल मीडिया टिप्पणी बनी मौत की वजह, महिला आत्महत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
कलयुग की कलम से राकेश

सोशल मीडिया टिप्पणी बनी मौत की वजह, महिला आत्महत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों से आहत एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के गंभीर मामले में ढीमरखेड़ा पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (आई.पी.एस.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेडरिया एवं एस.डी.ओ.पी. आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर को ग्राम कटरिया निवासी महिला सलमा बी द्वारा आत्महत्या कर ली गई थी। बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर कुछ लोगों द्वारा महिला के विरुद्ध अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान हो गई। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद ग्राम कटरिया में आक्रोश का माहौल बन गया था और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में आरोपियों के खिलाफ विरोध भी दर्ज कराया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ढीमरखेड़ा पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिवम चौधरी, रमेश चौधरी एवं फूलबाई चौधरी, तीनों निवासी ग्राम कटरिया, के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के साथ प्रआर दीपक श्रीवास, आरक्षक 608 पंकज सिंह, आरक्षक 730 डुमनदास एवं आरक्षक 10 जागेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ऐसे कृत्यों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



