सोशल मीडिया पर फोटो एडिट कर युवती को करता था परेशान, स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सोशल मीडिया पर फोटो एडिट कर युवती को करता था परेशान, स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद -थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने युवती से छेड़छाड़ कर फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार परेशान करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने का संदेश गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उमरिया पान निवासी शाकिर मंसूरी (42 वर्ष) पिछले काफी समय से एक युवती को परेशान कर रहा था। आरोपी युवती को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बार-बार कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इतना ही नहीं, उसने इंस्टाग्राम पर युवती की फोटो एडिट कर आपत्तिजनक तरीके से पोस्ट भी की थी, जिससे युवती और उसके परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए सक्रियता दिखाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया या फोन के माध्यम से होने वाली छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना सामने आए, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



