सतत संवाद से ही योजनाओं को मिलेगी गति जनभागीदारी से कटनी बनेगा आदर्श जिला: प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सतत संवाद से ही योजनाओं को मिलेगी गति जनभागीदारी से कटनी बनेगा आदर्श जिला: प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह
कलयुग की कलम कटनी -प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समन्वय और संवाद से ही विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी और आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलेगा।वे शनिवार को आयोजित जिला विकास एवं सलाहकार समिति की प्रथम बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खजुराहो सांसद डॉ. विष्णुदत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक, मुड़वारा विधायक श्री संदीप जयसवाल, बहोरीबंद विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, शहडोल सांसद प्रतिनिधि श्री पद्मेश गौतम, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां समाज के हर वर्ग—उद्योग, चिकित्सा, विधि, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े लोग—सेवाभाव के साथ विकास प्रक्रिया में सहभागी बन रहे हैं। जिला विकास सलाहकार समिति के माध्यम से विभिन्न वर्गों की समस्याओं के समाधान के साथ विकास को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने सदस्यों से आगामी बैठक में अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं की विस्तृत जानकारी लेकर आने का आग्रह किया।
शहरी विकास व जल प्रबंधन पर फोकस
बैठक में नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अमृत 1.0 एवं अमृत 2.0 के अंतर्गत मसुरहा घाट एवं मोहन घाट में किए जा रहे वॉटर बॉडी रीजुविनेशन कार्य, जलापूर्ति परियोजनाओं, सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी दी।
विधायक मुड़वारा श्री जयसवाल एवं समिति सदस्य शशांक श्रीवास्तव ने शहरी क्षेत्र की खदानों के सौंदर्यीकरण, गर्मियों में खदानों में उपलब्ध जल के उपयोग से जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा बड़े गहरे खदानों को पर्यटन से जोड़ते हुए नौकाविहार जैसी गतिविधियों के सुझाव दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सख्त निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री एवं सांसद डॉ. शर्मा ने जिला चिकित्सालय के प्रबंधन को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में पार्किंग, सफाई एवं आवागमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिले में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का शीघ्र भूमि पूजन किया जाएगा।
कटनी प्रदेश में अव्वल
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में सर्वाधिक आभा आईडी एवं अपार आईडी कटनी जिले में बनाई गई हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं राष्ट्रीय पोषण माह की भी समीक्षा की गई।
जल, खनन और उद्योग में बड़े कदम
जल निगम की समीक्षा में बताया गया कि पवई-2 परियोजना के अंतर्गत जुलाई 2026 तक कटनी एवं रीठी के 159 गांवों में जलापूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी।माइनिंग कॉन्क्लेव के बाद जिले में 46 नई खदानों को स्वीकृति मिली है तथा इमलिया गोल्ड माइन के उत्खनन का अनुबंध भी पूर्ण हो चुका है। प्रभारी मंत्री ने डोलोमाइट की बाहरी ढुलाई रोककर जिले में ही खपत बढ़ाने और रोजगार सृजन पर जोर दिया।
उद्योग विभाग की समीक्षा में बताया गया कि टिकरिया तखला औद्योगिक क्षेत्र में 32 प्लॉटों का आवंटन हो चुका है, जिससे लगभग 15 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।कृषि विभाग की समीक्षा में सरसों की खेती को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बढ़ावा देने और नरवाई प्रबंधन में जिले की उपलब्धियों की जानकारी दी गई।बैठक में लोक निर्माण, जल संसाधन, बिजली, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिम जाति कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन एवं राजस्व विभाग की योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।



