सुशासन का संकल्प: हर नागरिक तक पहुंचे सरकारी सेवाएं, उत्तरदायी बनें शासकीय कर्मी – कलेक्टर तिवारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सुशासन का संकल्प: हर नागरिक तक पहुंचे सरकारी सेवाएं, उत्तरदायी बनें शासकीय कर्मी – कलेक्टर तिवारी
कलयुग की कलम कटनी – सुशासन सप्ताह के अवसर पर आयोजित विभागीय कार्यशाला में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शासकीय सेवाओं को और अधिक उत्तरदायी, संवेदनशील एवं पारदर्शी बनाने का आह्वान किया। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी यह संकल्प लें कि आमजन को नियमानुसार, समय-सीमा के भीतर और पूर्ण संवेदनशीलता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रत्येक नागरिक तक सुशासन का वास्तविक लाभ पहुंच सके।

कार्यशाला में अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभागों द्वारा विगत पाँच वर्षों में सुशासन, सार्वजनिक सेवा वितरण, शिकायत निवारण, नवाचार एवं बेहतर प्रशासनिक प्रयोगों से संबंधित उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर करना है, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि शासन की योजनाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे न्यूनतम समय में जनता की समस्याओं का समाधान करें, हितग्राहियों एवं किसानों से सीधा संवाद स्थापित करें और जनता की अपेक्षाओं को गंभीरता से समझते हुए उन पर कार्य करें। इससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।कार्यशाला में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसे प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
पेयजल योजनाओं से लाखों परिवारों को राहत
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कटनी जिले के 893 ग्रामों के 2 लाख 13 हजार 464 परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वर्ष 2020 से 687 एकल ग्राम नल-जल योजनाएं एवं 185 ग्रामों की समूह योजनाएं क्रियान्वित की गईं। वर्तमान में 430 योजनाओं का कार्य पूर्ण कर 1 लाख 85 हजार 510 परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा चुका है।
ड्रोन तकनीक से युवाओं को मिला नया रोजगार अवसर
जिला खनिज प्रतिष्ठान एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी द्वारा बताया गया कि अमृत पुष्पक परियोजना की सफलता और राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना से प्रेरित होकर वर्ष 2023 में प्रोजेक्ट पंख की शुरुआत की गई। इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को कृषि, मानचित्रण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में उच्च-तकनीकी ड्रोन कौशल से प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
लोक सेवा गारंटी से समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित
लोक सेवा प्रबंधन विभाग के प्रबंधक श्री दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत वर्तमान में 48 विभागों की 733 सेवाएं अधिसूचित हैं। प्रत्येक सेवा के लिए निर्धारित समय-सीमा तय की गई है तथा देरी होने पर संबंधित अधिकारी पर जुर्माने का प्रावधान है। समाधान एक दिवस पहल के तहत 9 विभागों की 33 सेवाएं एक ही दिन में प्रदान की जा रही हैं।



