जनसुनवाई बनी ग्रामीणों के लिए राहत की उम्मीद रीठी में कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 111 ग्रामीणों की समस्याएं, अफसरों को दिए सख्त और त्वरित निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई बनी ग्रामीणों के लिए राहत की उम्मीद रीठी में कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 111 ग्रामीणों की समस्याएं, अफसरों को दिए सख्त और त्वरित निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -विकासखंड रीठी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रही। संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए पहचाने जाने वाले कलेक्टर आशीष तिवारी ने जनसुनवाई में पहुंचे 111 ग्रामीणों की समस्याएं स्वयं धैर्यपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश दिए। कलेक्टर की मौजूदगी में कई वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित समाधान संभव हो सका।

बुधवार को अनिवार्य रूप से कराएं सीमांकन
रीठी निवासी जयकुमार जैन ने ग्राम खाम्ह स्थित भूमि के सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार रीठी को निर्देशित किया कि बुधवार 28 जनवरी को हर हाल में सीमांकन कराया जाए।
वहीं ग्राम खरखरी नंबर-2 निवासी सियाराम यादव की भूमि का सीमांकन नहीं होने पर कलेक्टर ने पटवारी अनूप दास को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
नामांतरण में लापरवाही पर सख्ती
ग्राम मझगवा निवासी संतराम राजभर ने बताया कि ग्राम हथकुरी स्थित खसरा नंबर 511, रकबा 0.1 हेक्टेयर भूमि का नामांतरण अब तक दर्ज नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार बिलहरी को 28 जनवरी की शाम तक नामांतरण दर्ज कराने के सख्त निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम बिलहरी निवासी सुनील साहू के प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने पटवारी सचिन श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नायब तहसीलदार से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
मौके पर दिलवाई भूमि की नकल, लिपिक की वेतन वृद्धि रोकी
जनसुनवाई में ग्राम करहिया नंबर-1 निवासी हीरालाल चौधरी ने 6 अलग-अलग खसरों की नकल नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर आशीष तिवारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जनसुनवाई के दौरान ही नकल उपलब्ध करवाई।
नकल देने में लापरवाही बरतने पर रीठी तहसील के लिपिक अर्जुन भूमिया (सहायक ग्रेड-3, रीडर) की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश दिए गए, साथ ही तहसीलदार रीठी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
सफाई कर्मियों को मिलेगा बकाया मानदेय
ग्राम मुहास निवासी अरविंद कुमार नहर और संदीप ने बताया कि वे संकट मोचन धाम हनुमान मंदिर में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे, लेकिन मार्च 2025 से दिसंबर 2025 तक का मानदेय नहीं मिला। कलेक्टर ने इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी को बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



