डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज: अधिकारियों को प्राथमिकता से प्रशिक्षण लेने के निर्देश 1 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण, कलेक्ट्रेट में 17 फरवरी से प्रशिक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज: अधिकारियों को प्राथमिकता से प्रशिक्षण लेने के निर्देश 1 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण, कलेक्ट्रेट में 17 फरवरी से प्रशिक्षण
कलयुग की कलम कटनी -कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना-2027 को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य प्रशासनिक दक्षता सिद्ध करने और अनुभव समृद्ध करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सोमवार को आयोजित जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक में यह निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी नीलाम्बर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
पहली बार डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना
कलेक्टर ने बताया कि देश में पहली बार जनगणना डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन प्रणाली विकसित की गई है, जिसकी विस्तृत जानकारी प्रशिक्षण सत्रों में दी जाएगी।
17 से 20 फरवरी तक चरणबद्ध प्रशिक्षण
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा—17–18 फरवरी: ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं ऑपरेटर्स 19–20 फरवरी: नगर निगम व नगरीय निकायों के जनगणना अधिकारी, जोनल अधिकारी, लिपिक एवं ऑपरेटर्स
दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया
भारत की जनगणना विश्व का सबसे बड़ा प्रशासनिक अभियान है, जो ग्राम और वार्ड स्तर तक जनांकिकीय एवं आर्थिक आंकड़े उपलब्ध कराता है। जनगणना-2027 पूर्व की तरह दो चरणों में संपन्न होगी।
प्रथम चरण: 1 मई से 30 मई 2027 मकान सूचीकरण का कार्य घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, सुविधाएं एवं परिसंपत्तियों का विवरण संग्रह
द्वितीय चरण: जनसंख्या गणना
प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जैसे—आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, दिव्यांगता, मातृभाषा, साक्षरता, शिक्षा, आर्थिक गतिविधि, प्रवास और प्रजननता संबंधी विवरण।
सटीक आंकड़े, मजबूत योजना निर्माण
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं के निर्माण, संसाधन वितरण और विकास की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी अधिकारी प्रशिक्षण लेकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें, ताकि जिले की सही तस्वीर सामने आ सके।



