प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्राम चौपाल के ज़रिये पुलिस का जनसंवाद, नशा-मुक्त व सुरक्षित समाज का दिया संदेश उमरिया पान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महनेर में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की दी जानकारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम चौपाल के ज़रिये पुलिस का जनसंवाद, नशा-मुक्त व सुरक्षित समाज का दिया संदेश उमरिया पान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महनेर में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की दी जानकारीट

कलयुग की कलम उमरिया पान -पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत उमरिया पान थाना पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत महनेर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक सहयोग के प्रति जागरूक करना है।

ग्राम चौपाल का आयोजन थाना प्रभारी श्री दिनेश तिवारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें थाना स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। चौपाल के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने, अपराधों की रोकथाम और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशा मुक्ति एवं शराब, ड्रग्स, सहित अन्य नशे विरोधी संदेश देते हुए बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।

साइबर अपराधों पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की विस्तृत जानकारी दी। ग्रामीणों को अनजान कॉल, फर्जी लिंक और ओटीपी साझा न करने की सख्त सलाह दी गई। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

ग्राम चौपाल में अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध सूचना को सत्यापित करने की बात भी कही गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अफवाहें समाज में भय और अशांति फैलाती हैं, इसलिए किसी भी जानकारी को आगे बढ़ाने से पहले उसकी पुष्टि आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम 100/112 अथवा नजदीकी थाने में दें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण और अपराध मुक्त समाज का निर्माण पुलिस और जनता के सहयोग से ही संभव है।

इस अवसर पर ग्राम चौपाल में सरपंच श्री राकेश दहिया, सचिव, सहायक सचिव, पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस का यह जागरूकता अभियान आगामी दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button