कानून तोड़ने वालों पर पुलिस की कड़ी नज़र जेल से छूटे अपराधियों को सख़्त चेतावनी, दोबारा अपराध पर होगी कठोर कार्रवाई
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कानून तोड़ने वालों पर पुलिस की कड़ी नज़र जेल से छूटे अपराधियों को सख़्त चेतावनी, दोबारा अपराध पर होगी कठोर कार्रवाई
कलयुग की कलम कटनी -जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जेल से रिहा होकर जमानत पर बाहर आए तथा विभिन्न थानों के अंतर्गत चिन्हित अपराधियों को थाना परिसरों में तलब कर सख़्त समझाइश दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समझाइश के दौरान अपराधियों को कानून का पालन करने, सामाजिक मर्यादाओं का सम्मान करने और शांतिपूर्ण जीवन अपनाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर थाना प्रभारियों द्वारा अपराधियों के वर्तमान गतिविधियों, निवास एवं व्यवहार की जानकारी लेकर उन्हें नियमित रूप से थाने में उपस्थित रहने और पुलिस के संपर्क में रहने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही निगरानी बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए बीट प्रणाली को और सुदृढ़ किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि जन-सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा। कटनी पुलिस अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



