प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में गूँजा संकल्प– भारत को मजबूत लोकतंत्र बनाने की शपथ

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में गूँजा संकल्प– भारत को मजबूत लोकतंत्र बनाने की शपथ

कलयुग की कलम कटनी – पूरे जिले में आज संविधान दिवस हर्ष और गर्व के साथ मनाया जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने अधिकारियों–कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों में उत्साह और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई दी।

अपर कलेक्टर मिश्रा ने सभी उपस्थित जनों को संविधान की उस मूल भावना का पाठ कराया, जिसमें ‘‘हम भारत के लोग’’ देश को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प व्यक्त करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करना, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करना तथा अवसर की समानता प्रदान करना हर नागरिक का उत्तरदायित्व है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता की भावना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार मिश्रा, विंकी सिंहमारे उइके, ज्योति लिल्हारे सहित अनेक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीआईओ प्रफुल्ल श्रीवास्तव, उपसंचालक कृषि डॉ. आर.एन. पटेल, सहायक संचालक कृषि मनीष मिश्रा, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरव नामदेव, हरप्रीत सिंह ग्रोवर, रत्नेश मिश्रा, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, सुनील मिश्रा सहित खाद्य, आदिमजाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, उद्यानिकी, खनिज विभाग एवं निर्वाचन शाखा के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

अपर कलेक्टर ने कहा कि 26 नवंबर राष्ट्र के इतिहास का विशेष दिन है, क्योंकि यही वह दिन है जब वर्ष 1949 में संविधान सभा ने देश के संविधान को अंगीकृत किया था। यह दस्तावेज न केवल भारत को एक आधुनिक राष्ट्र के रूप में पहचान देता है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का मजबूत आधार भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि वे अपने नियमित कार्यों में भी संविधान की भावना को सर्वोपरि रखें।

जिला मुख्यालय के साथ–साथ सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों और कॉलेजों में भी संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। विद्यार्थियों ने संविधान पर आधारित वाद-विवाद, रैलियाँ और शपथ ग्रहण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कई संस्थानों में संविधान के मूल सिद्धांतों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिनसे नागरिकों में जागरूकता बढ़ी।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को यह याद दिलाना है कि भारत का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, न्याय और स्वतंत्रता का जीवंत प्रतीक है। हर वर्ष 26 नवंबर को यह दिन हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और जिम्मेदारियों का बोध कराते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।संविधान दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि संवैधानिक मूल्यों को जीवन में उतारना ही सच्ची देशभक्ति है।

Related Articles

Back to top button