कटनी/उमरियापान- उमरियापान से सिहोरा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण यह मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहनों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है जब रोड पर हुए गड्ढों से उठने वाली धूल की वजह से कुछ सामने दिखाई नहीं देते है। यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है और प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन यहां से गुजरते हैं। स्कूल बसें, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी इसी रास्ते से निकलते हैं, जिससे जनसुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार संबंधित विभाग से सड़क मरम्मत की मांग की है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि सड़क की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित हादसों से बचाव हो सके।