स्वास्थ्य योजनाओं में ढिलाई पर नहीं मिलेगी राहत लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई : कलेक्टर आशीष तिवारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्वास्थ्य योजनाओं में ढिलाई पर नहीं मिलेगी राहत लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई : कलेक्टर आशीष तिवारी
कलयुग की कलम कटनी -जिले में संचालित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मैदानी स्तर पर योजनाओं के संचालन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीयन, समयबद्ध जांच एवं संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, कुपोषण की स्थिति, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कन्हवारा विकासखंड में एएनसी पंजीयन की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित बीएमओ को एक माह के भीतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण में जिले को मिली राज्य स्तर पर पहचान
टीकाकरण कार्यक्रम में जिले को राज्य स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त होने पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को सराहना एवं बधाई दी, साथ ही इसी तरह निरंतर बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण ट्रैकर पर नियमित उपस्थिति, टेक होम राशन के समय पर वितरण, पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता तथा शाला पूर्व शिक्षा को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और माताओं से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर सहित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



