प्रशासन

शाहनगर जपं सीईओ के आकस्मिक निधन पर जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने शोक सभा आयोजित कर दी श्रद्धांजलि, छतरपुर में हुआ अंतिम संस्कार

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी

पन्ना- शाहनगर जनपद पंचायत सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती के आकस्मिक निधन पर जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत शाहनगर के अधिकारी-कर्मचारियों ने शोक सभा आयोजित कर शोक जताया और श्रद्धांजलि अर्पित की। सीईओ श्री चक्रवर्ती का गत मंगलवार को हार्ट अटैक के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। 32 वर्षीय सीईओ चक्रवर्ती मंगलवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जनपद पंचायत कार्यालय शाहनगर पहुंचे। यहां सीने में तकलीफ के बारे में अवगत कराया। इस पर परिजनों व कर्मचारियों को सूचना दी गई और प्राथमिक उपचार के बाद कटनी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बीपी कम हो जाने व हालत बिगड़ने के कारण बेहतर उपचार के लिए जबलपुर ले जाने की सलाह दी, लेकिन रेफर के दौरान कटनी में ही जपं सीईओ का दुःखद निधन हो गया।

दिवंगत सीईओ का आज छतरपुर में अंतिम संस्कार किया गया। जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी छतरपुर के महोबा रोड स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिजनों से भेंटकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मूलतः छतरपुर जिले के हरपालपुर निवासी स्व. श्री चक्रवर्ती के परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्री है।

Related Articles

Back to top button