बड़वारा में विकास की रफ्तार को मिली नई सड़क, 100 किमी सड़क प्रस्ताव से गांव-गांव पहुंचेगा पक्का रास्ता
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़वारा में विकास की रफ्तार को मिली नई सड़क, 100 किमी सड़क प्रस्ताव से गांव-गांव पहुंचेगा पक्का रास्ता
कलयुग की कलम सिलौंडी -विधानसभा बड़वारा क्षेत्र के लिए सड़क विकास के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना अंतर्गत क्षेत्र में लगभग 100 किलोमीटर लंबाई की 103 सड़कों के प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु शामिल किया गया है। यह प्रस्ताव माननीय लोकप्रिय सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह एवं माननीय लोकप्रिय विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह की अनुशंसा से संभव हो सका है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय से बड़वारा विधानसभा के दूरस्थ और पिछड़े ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का सपना साकार होने जा रहा है। योजना के पूर्ण क्रियान्वयन के बाद क्षेत्र का प्रत्येक गांव पक्की सड़क से जुड़ा हुआ होगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से कच्ची सड़कों और आवागमन की समस्याओं से जूझ रहे गांवों को अब राहत मिलेगी। बारिश के मौसम में जहां गांवों का संपर्क टूट जाता था, वहीं अब पक्की सड़कों के निर्माण से यह समस्या दूर होगी। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सड़क प्रस्ताव की स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सांसद एवं विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बड़वारा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है।
मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने कहा कि सांसद और विधायक के सतत प्रयासों के कारण ही बड़वारा विधानसभा को यह बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर तय समय में पूर्ण किया जाएगा, जिससे बड़वारा विधानसभा विकास की नई दिशा में आगे बढ़ सके।



