प्रशासनमध्यप्रदेश

उमरियापान में पुलिस–जनसंवाद की नई शुरुआत थाना परिसर में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और पत्रकार आमने-सामने, यातायात, चोरी और साइबर अपराध पर बनी ठोस रणनीति

कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान में पुलिस–जनसंवाद की नई शुरुआत थाना परिसर में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और पत्रकार आमने-सामने, यातायात, चोरी और साइबर अपराध पर बनी ठोस रणनीति

कलयुग की कलम उमरिया पान -नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से उमरियापान थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं संवादात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल की अगुवाई में संपन्न हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, ग्रामीणों एवं पत्रकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

बैठक की शुरुआत थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल के परिचय के साथ हुई, जिसके बाद नगर और आसपास के क्षेत्र में व्याप्त प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य फोकस यातायात अव्यवस्था, बढ़ती चोरी की घटनाएं, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और साइबर अपराध जैसे ज्वलंत मुद्दों पर रहा।

अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से बिगड़ रहा ट्रैफिक

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने एक स्वर में बताया कि मुख्य बाजार क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने और मनमाने ढंग से दोपहिया वाहनों की पार्किंग से जाम की स्थिति लगातार बन रही है। विशेष रूप से बसों द्वारा बीच सड़क पर खड़े होकर लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस पर पत्रकारों द्वारा सुझाव दिया गया कि सभी बसों को अनिवार्य रूप से बस स्टैंड परिसर में ही खड़ा कराया जाए, जिससे बाजार और मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारु रह सके। इस सुझाव पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहमति जताई।

चोरी की घटनाओं पर लगेगा ‘सीसीटीवी कवच’

क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि यदि पंचायत स्तर पर या जनसहयोग से नगर के प्रमुख चौराहों—झंडा चौक, आज़ाद चौक, न्यू बस स्टैंड, ढीमरखेड़ा रोड, कटनी रोड और मुख्य बाजार तिराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं, तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इससे किसी भी घटना की जांच में पुलिस को त्वरित और सटीक सहायता मिलेगी।

न्यू बस स्टैंड में अवैध पार्किंग पर सख्ती

बैठक में न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में हो रही अवैध पार्किंग पर भी चिंता जताई गई। इस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही ठोस कार्रवाई कर अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाया जाएगा।

साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील

थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने बढ़ते साइबर अपराधों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ठगी से बचने के लिए आमजन को जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस द्वारा स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

सकारात्मक संवाद, बेहतर समन्वय का संकल्प

बैठक में मास्टर शिवकुमार चौरसिया, सरपंच अटल ब्यौहार, जनपद सदस्य शैलेंद्र पौराणिक, राजेश ब्यौहार, राजेश चौरसिया, सुखदेव चौरसिया, वंशरूप चौरसिया, बसंत चौरसिया, यतीन्द्र गौतम, स्वतंत्र चौरसिया,नरेश असाटी, सतीश बग्गा चौरसिया,जगमोहन मिश्रा,पप्पू चौरसिया,पारस पटेल, चन्द्रकांत चौरसिया , रविशंकर असाटी, प्रकाश असाटी,प्रदीप चौरसिया,पिक्कू गुप्ता, संदीप सोनी,सिल्लू चौरसिया, अज्जू सोनी, राकेश यादव , राजेन्द्र चौरसिया, अंकित झारिया, सोमनाथ पटेल,जगमोहन चौरसिया, सुशील मिश्रा, पत्रकार सतीश चौरसिया सहित पुलिस स्टाफ की उपस्थित रही ।बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाकर उमरियापान को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अपराध-मुक्त बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button