शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं कम प्रगति पर कलेक्टर सख्त, सहायक यंत्री के वेतन पर रोक, बीईओ–बीआरसी पर कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं कम प्रगति पर कलेक्टर सख्त, सहायक यंत्री के वेतन पर रोक, बीईओ–बीआरसी पर कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और योजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दो-टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि शिक्षा जैसे संवेदनशील विभाग में लापरवाही और शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देश दिए कि विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं शिक्षकों की ई-अटेंडेंस “हमारे शिक्षक” एप में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। ऑनलाइन उपस्थिति नहीं लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी उन्होंने दिए। शाला मॉनिटरिंग के लक्ष्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर बड़वारा विकासखंड के बीईओ एवं बीआरसी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर ने मौके पर ही जारी किए।
सहायक यंत्री पर सख्ती
समीक्षा के दौरान जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री की अनुपस्थिति को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। सहायक यंत्री कोमल कोल के प्रभार में बदलाव करने, वेतन आहरण पर रोक लगाने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
स्कूल छोड़ने वाले बच्चों पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्कूल त्यागी एवं पलायन करने वाले बच्चों का भौतिक सत्यापन कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरे अमले को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। साथ ही मैदानी स्तर पर कमजोर क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण में कमी और लचर कार्यप्रणाली को लेकर जिला शिक्षा केंद्र के सभी एपीसी के कार्यों पर गहरा असंतोष व्यक्त किया।
अपार आईडी, यू-डाइस और आधार अपडेट पर जोर
बैठक में अपार आईडी निर्माण, यू-डाइस ड्रॉप बॉक्स में शेष विद्यार्थियों की स्कूल मैपिंग तथा आधार कैंपों के माध्यम से अधिकतम स्कूली बच्चों के आधार अपडेट कराने के निर्देश दिए गए। सभी बीआरसी को निपुण शालाओं का नियमित निरीक्षण, पर्यवेक्षण करने और स्वयं कक्षाएं पढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली निपुण शालाओं को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन विद्यालयों में पिछले वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम कमजोर रहे हैं, वहां की शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
सक्सेस 3.0 हुआ लॉन्च
जिले के बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार के उद्देश्य से कलेक्टर श्री तिवारी ने “सक्सेस 3.0” कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रतिदिन प्रत्येक विषय के 10-10 प्रश्नोत्तर विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
सक्सेस 3.0 के अंतर्गत कक्षा 12वीं के 14 विषय (वैकल्पिक विषय सहित) और कक्षा 10वीं के 6 विषय, कुल 20 विषयों के प्रश्नोत्तर पीडीएफ प्रतिदिन उपलब्ध होंगे।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट को निर्देश दिए कि कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्टडी मटेरियल का चयन कर गूगल शीट लिंक तैयार किया जाए, ताकि कमजोर विद्यार्थी भी सरलता से पाठ्यविषय समझ सकें। इस सामग्री का उपयोग स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब के माध्यम से किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश अग्रहरी, सहायक संचालक शिक्षा श्री एस.एस. मरावी, एडीपीसी रमसा श्री अभय जैन, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रेमनारायण तिवारी सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



