भोपाल में गूंजा ‘नागरिक सुरक्षा समागम-2026’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयंसेवियों को दिया सशक्त संदेश, कटनी सहित पांच शहरों के प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

भोपाल में गूंजा ‘नागरिक सुरक्षा समागम-2026’: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयंसेवियों को दिया सशक्त संदेश, कटनी सहित पांच शहरों के प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
कलयुग की कलम कटनी– होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मुख्यालय, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में भोपाल में आयोजित तीन दिवसीय ‘नागरिक सुरक्षा समागम-2026’ का बुधवार को गरिमामय समापन हुआ। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर से आए नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन में उनकी भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
समागम में जबलपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और कटनी से 100-100 स्वयंसेवी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा चयनित स्वयंसेवियों को विशेष जैकेट वितरित किए गए तथा ‘सिविल डिफेंस अध्ययन पुस्तिका’ का विमोचन भी किया गया।
मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कटनी कलेक्टरेट के एनआईसी कक्ष में किया गया, जहां डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उईके सहित जिले की 20 स्वयंसेवी संस्थाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।
360 स्वयंसेवियों को मिला व्यापक प्रशिक्षण
कटनी जिला इकाई द्वारा 9 फरवरी से 15 मार्च तक आयोजित चार प्रशिक्षण सत्रों में कुल 360 स्वयंसेवियों को नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें भूकंप, बाढ़, आगजनी, सर्पदंश, आकाशीय बिजली, भीड़ प्रबंधन, ड्रोन हमले से बचाव, प्राथमिक चिकित्सा सहित कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
यह समागम न केवल आपदा प्रबंधन की तैयारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि स्वयंसेवियों में सेवा, समर्पण और तत्परता की नई ऊर्जा का संचार भी हुआ।



