युवा संगम में कटनी का कमाल: रोजगार आयुक्त ने कलेक्टर श्री तिवारी की सराहना, प्रदेश के टॉप–5 जिलों में शामिल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

युवा संगम में कटनी का कमाल: रोजगार आयुक्त ने कलेक्टर श्री तिवारी की सराहना, प्रदेश के टॉप–5 जिलों में शामिल
कल की कलम कटनी -जिले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में चलाए जा रहे युवा संगम कार्यक्रम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उत्कृष्ट आयोजन और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रोजगार आयुक्त गिरीश शर्मा ने कलेक्टर आशीष तिवारी की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र जारी किया है।
जिले में रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप मेलों के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के मामले में कटनी प्रदेश के टॉप–5 अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है, जबकि व्यापक आयोजन के आधार पर जिले को प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।
नेतृत्व की सराहना
रोजगार आयुक्त श्री शर्मा ने अपने प्रशंसा संदेश में कहा कि कलेक्टर तिवारी के नेतृत्व में किया गया कार्य अत्यंत सराहनीय है और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा है। यह उपलब्धि जिले की प्रशासनिक प्रतिबद्धता और युवाओं के भविष्य निर्माण के प्रति गंभीर प्रयासों को दर्शाती है।
रोजगार मेलों से हजारों युवाओं को लाभ
जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी के अनुसार अप्रैल से अब तक जिले में 9 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जिनमें— लगभग 2,500 युवाओं का प्राथमिक चयन कर ऑफर लेटर वितरित 325 अभ्यर्थियों का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन 2,700 आवेदकों को स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराया गया
इन प्रयासों से युवाओं को निजी एवं सरकारी क्षेत्र में अवसर मिलने के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता भी प्राप्त हुई है।
युवाओं के भविष्य की दिशा तय कर रहा कटनी
युवा संगम कार्यक्रम के माध्यम से कटनी जिला न केवल रोजगार उपलब्ध कराने में आगे बढ़ रहा है, बल्कि युवाओं को कौशल, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की दिशा में भी प्रेरित कर रहा है। प्रशासन का यह प्रयास जिले को रोजगार सृजन के मॉडल के रूप में स्थापित कर रहा है।



