सरल जीवन का संदेश: ढीमरखेड़ा में विधिक साक्षरता शिविर, न्यायाधीश ने छात्राओं को दिए सुरक्षा व सफलता के सूत्र
कलयुग की कलम जिला ब्यूरो गोकुल दीक्षित

सरल जीवन का संदेश: ढीमरखेड़ा में विधिक साक्षरता शिविर, न्यायाधीश ने छात्राओं को दिए सुरक्षा व सफलता के सूत्र
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के पालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में 14 फरवरी 2026 को अनुसूचित जनजाति छात्रावास ढीमरखेड़ा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन ढीमरखेड़ा न्यायालय की न्यायाधीश सुश्री पूर्वी तिवारी द्वारा किया गया, जिसमें छात्रावास की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सरल जीवन शैली अपनाने, आत्म-सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान करना रहा। न्यायाधीश सुश्री तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासित एवं सादगीपूर्ण जीवन सफलता की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों में संतुलित जीवन जीकर भी उच्च पदों तक पहुँचना संभव है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण भी किया गया तथा छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। न्यायाधीश ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी सुविधाओं एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाएगा।
शिविर में बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों—जैसे एसिड अटैक, लैंगिक अपराध तथा ऑनलाइन उत्पीड़न—के प्रति विशेष जागरूकता प्रदान की गई। न्यायाधीश ने बताया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया के दुरुपयोग से अपराधों में वृद्धि देखी जा रही है, इसलिए डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अनावश्यक मोबाइल उपयोग से बचने, अजनबी व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क न रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या प्रशासन को देने की सलाह दी।
छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्राओं ने जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।
इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक तथा न्यायालय के नायब नाजिर श्री शक्ति संजय सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं जागरूक समाज निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।



