जबलपुर- मध्य प्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला जबलपुर जिले का हैंलिए जहां सिविल लाइन थाने में आज लोकायुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की और थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) विनोद दुबे को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई सटीक सूचना मिलने पर की, जब SI दुबे पर आरोप था कि वह शिकायतकर्ता से बिना काम किए अवैध रूप से रिश्वत की मांग कर रहे थे।
लोकायुक्त टीम ने छापे के दौरान आरोपी SI दुबे को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत एक मामले को सुलझाने के लिए दी जा रही थी।
लोकायुक्त की टीम ने आरोपित SI विनोद दुबे को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।