सरकार की तमाम सख्तियों और लोकायुक्त टीम की लगातार कार्रवाई की बावजूद मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लगातार जारी सख्त कार्रवाई के बावजूद प्रदेश के किसी न किसी सरकारी विभाग में ये रिशवतखोर अफसर या कर्मचारी घूस लेते पकड़ा रहे हैं। ताजा मामला सूबे के रतलाम जिले से सामने आया है। यहां एक पटवारी 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया है।
फरियादी गोपाल उपाध्याय द्वारा शिकायत सामने आने के बाद लोकायुक्त महानिदेशक जयदीप प्रसाद के निर्देशन में लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में डी.एस.पी सुनील तालान एवं राजेश पाठक समेत लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को फरियादी गोपाल उपाध्याय निवासी पंचेड से 40 हजार नगद राशि की रिश्वत लेते हुए पटवारी रमेश चंद्र बैरागी को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि, पटवारी ने ये रिश्वत आवेदक की भूमि के सीमांकन के बाद ही पटवारी रिपोर्ट पेश करने के एवज में मांगी थी। रिश्वत की रकम के 40 हजार जैसे ही पटवारी बैरागी ने हाथ में लिए चारों तरफ पहले से ही फैली लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
पटवारी ने मांगी थी 50 हजार रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी ने फरियादी से कुल 50 हजार रिश्वत की डिमांड की थी। फरियादी गोपाल उपाध्याय द्वारा पहली किस्त के रूप में 40 हजार देना तय हुआ था। काम पूरा होते ही रिश्वत की शेष रकम के 10 हजार देना तय था। हालांकि, फरियादी की शिकायत के बाद एक्टिव हुई लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की पहली इन्सटॉलमेंट के रूप में दिए जा रहे 40 हजार रूपए लेते पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।