टीम वर्क से ही मजबूत होगी कानून-व्यवस्था: कलेक्टर श्री तिवारी राजस्व–पुलिस की संयुक्त बैठक में अपराधियों पर सख्ती के स्पष्ट निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

टीम वर्क से ही मजबूत होगी कानून-व्यवस्था: कलेक्टर श्री तिवारी राजस्व–पुलिस की संयुक्त बैठक में अपराधियों पर सख्ती के स्पष्ट निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -जिले में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और टीम वर्क अनिवार्य है। यह निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि अनुविभाग और थाना स्तर पर राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों के बीच निरंतर संवाद और तालमेल होना चाहिए। अपराधियों से जुड़ी जानकारियों का आपसी आदान-प्रदान करते हुए जनहित के मामलों और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई जाए। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में अंतिम बाउंडओवर और फाइनल बाउंडओवर की सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत करीब दो हजार आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की सूची तैयार की गई है। इन पर जुआ, सट्टा, आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामले दर्ज हैं। सभी पर सतत निगरानी रखते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए थाना प्रभारी, एसडीएम और एसडीओपी आपसी समन्वय से नियमानुसार कदम उठाएं। उन्होंने बाउंडओवर की राशि बढ़ाने तथा संबंधितों से फिक्स्ड डिपॉजिट दस्तावेज लेने की आवश्यकता भी बताई।
बैठक में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य विभाग के विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम, एसडीओपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे, जबकि तहसीलदार, नायब तहसीलदार और खंड चिकित्सा अधिकारी वर्चुअली जुड़े रहे।



