कुठला पुलिस ने चंद घंटों में पकड़ा ट्रक चोर, 14 लाख का ट्रक बरामद
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कुठला पुलिस ने चंद घंटों में पकड़ा ट्रक चोर, 14 लाख का ट्रक बरामद
कटनी। कुठला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 लाख रुपए कीमत का चोरी हुआ ट्रक चंद घंटों में बरामद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी कुठला राजेन्द्र मिश्र ने बताया कि 25 अगस्त को परिवहन व्यवसायी नरेश प्रसाद गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका ट्रक क्रमांक MP-21-H-0902, जो 24 अगस्त की शाम पुरैनी रोड पर खड़ा था, सुबह गायब मिला। शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रभाग कोल (20 वर्ष), निवासी बड़ारी थाना कैमोर को गिरफ्तार कर ट्रक विजयराघवगढ़ बंजारी रोड से बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी नीलेश सिंह गोंड, निवासी पडरेही (थाना कैमोर) के साथ मिलकर ट्रक चोरी किया था और बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। नीलेश सिंह गोंड पुलिस को देखकर भाग निकला। वह आदतन अपराधी है जिसके विरुद्ध कई प्रकरण दर्ज हैं तथा वह जिला बदर भी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र सहित प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, राहुल मिश्र, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक सत्येन्द्र सिंह, विजय प्रजापति आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



