प्रशासनमध्यप्रदेश

24 घंटे में खुलासा: कटनी पुलिस ने बुलेट चोर को दबोचा, स्लीमनाबाद में घेराबंदी कर बरामद की 2.05 लाख की बाइक

कलयुग की कलम से राकेश यादव

24 घंटे में खुलासा: कटनी पुलिस ने बुलेट चोर को दबोचा, स्लीमनाबाद में घेराबंदी कर बरामद की 2.05 लाख की बाइक

 -शहर में वाहन चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर कीमती बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली। कोतवाली थाना क्षेत्र के राममनोहर लोहिया वार्ड से चोरी हुई रॉयल एनफील्ड बुलेट को स्लीमनाबाद में घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी जबलपुर का रहने वाला है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी रितेश सोनी, निवासी लोहिया वार्ड, ने 3 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट (MP 49 ZC 2124) घर के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चुरा ले गया। शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

 स्लीमनाबाद में नाकाबंदी, आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक लाल रंग की बुलेट लेकर स्लीमनाबाद की ओर जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम सक्रिय हुई। स्लीमनाबाद बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 2 लाख 5 हजार रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद की गई।

नशे का आदी निकला आरोपी

पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद दानिश खान (20 वर्ष), निवासी गोहलपुर, जबलपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी की थी। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

 इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरे अभियान को पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई राखी पाण्डेय, स्लीमनाबाद टीआई सुदेश समन, उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय, अनिल यादव एवं उनकी टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।

 पुलिस की सख्ती से चोरों में हड़कंप

कटनी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button