त्योहारों और आर्मी भर्ती को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट एसपी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, गुंडों-बदमाशों पर कसेगा शिकंजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

त्योहारों और आर्मी भर्ती को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट एसपी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, गुंडों-बदमाशों पर कसेगा शिकंजा
कलयुग की कलम कटनी -जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी महाशिवरात्रि, रमजान पर्व एवं जिले में आयोजित होने वाली आर्मी भर्ती प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुंडा-बदमाशों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडों और निगरानी बदमाशों पर सतत निगरानी रखी जाए। जमानत पर रिहा अपराधियों की गतिविधियों की गहन समीक्षा कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) जैसी सख्त प्रतिबंधात्मक कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु न्यायालय से वारंट प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की तुलनात्मक समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान चलाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
‘सजग दृष्टि अभियान’ पर विशेष जोर
बैठक में सजग दृष्टि अभियान के तहत ग्राम चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही ई-साक्ष्य, ई-विवेचना और सीसीटीएनएस से संबंधित तकनीकी कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
पीड़ितों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि थानों में आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित हो।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, जिले के समस्त एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।



